पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर नारायणपुर में एकदिवसीय सांकेतिक धरना

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟦 जिला – नारायणपुर

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ ने दिखाई ताकत, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने उठी मांग

नारायणपुर में पत्रकारों का एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नारायणपुर, छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर नारायणपुर जिले के पत्रकारों ने बुधवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित जय स्तंभ चौक में आयोजित इस आंदोलन में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर नम्रता जैन को ज्ञापन सौंपा।

धरना-प्रदर्शन का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। इस दौरान पत्रकारों ने एकजुट होकर “पत्रकार एकता जिंदाबाद”, “पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो”, “पत्रकारों की चिंता करो” और “नारायणपुर पत्रकार जिंदाबाद” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।

ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन, प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। विशेषकर नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कार्यरत पत्रकार अनेक चुनौतियों के बीच निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता का दायित्व निभाते हैं। इसके बावजूद हाल के वर्षों में पत्रकारों के विरुद्ध झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतें दर्ज कराने, अनावश्यक दबाव बनाने तथा प्रताड़ित करने की घटनाएं बढ़ी हैं।

पत्रकारों ने बताया कि वर्ष 2023 में पत्रकार सुरक्षा संबंधी विधेयक विधानसभा से पारित होकर राजपत्र में प्रकाशित भी हो चुका है, किंतु आज तक इसे पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप पत्रकार अपेक्षित कानूनी संरक्षण से वंचित हैं।

नारायणपुर जिले के समस्त पत्रकारों की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकार हितों की रक्षा और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!