
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
86वीं वाहिनी BSF का जनकल्याणकारी अभियान: सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं चिकित्सा शिविर में 215 ग्रामीणों को मिली राहत, 45 लोगों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
नारायणपुर। सीमावर्ती एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बढ़ावा देने और ग्रामीणों के साथ सुरक्षा बलों का बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 86वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा 06 नवंबर 2026 को सीओबी कंदुलनार की ‘जी’ कंपनी में सिविक एक्शन प्रोग्राम (Civic Action Programme) सह चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री सुभाष चंदर गोयल, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर श्री सोनलियन सोंटाह, डिप्टी कमांडेंट एवं एडजुटेंट, डॉ. ओम टंडन तथा डॉ. दीपक गुप्ता (मेडिकल ऑफिसर, बीएसपी) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पंगुर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती दनाय उसेंडी, ग्राम बारिलटोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कहुबू भंडारी सहित आसपास के गांवों के लगभग 215 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्रामीणों को दैनिक उपयोग एवं जरूरत की सामग्री वितरित
सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत आसपास के गांवों वेबनार, बारिलटोला एवं बोरानिपिर के ग्रामीणों को उनकी दैनिक जरूरतों और सामुदायिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया।
इस दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक तिरपाल, रेनकोट, दरांती, वॉलीबॉल एवं नेट, फुटबॉल एवं नेट, कंबल, प्लास्टिक बाल्टी, मग, सिलाई मशीन, गैंती, सोलर लालटेन, सब्बल, हथौड़ा, श्री कॉटन, 200 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी, 10 किलोग्राम क्षमता वाले प्लास्टिक भंडारण कंटेनर तथा मच्छरदानी सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
चिकित्सा शिविर में 45 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान सीओबी कंदुलनार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा 45 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिला।
ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग मजबूत करने की पहल
86वीं वाहिनी बीएसएफ द्वारा आयोजित यह सिविक एक्शन प्रोग्राम सुरक्षा बलों की जनकल्याणकारी सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है। इस तरह के आयोजनों से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं बेहतर संबंध स्थापित करने में मदद मिलती है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












