79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟪 जिला – नारायणपुर

*स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां*

नारायणपुर, 06 अगस्त 2026// कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में समारोह को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में 15 अगस्त 2026 को मुख्य समारोह स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी तथा मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में आकर्षक मार्चपास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान तथा विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम निर्धारित समय पर आयोजित करने तथा समारोह स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। इनमें मंच निर्माण एवं साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, यातायात एवं पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया समन्वय, आमंत्रण पत्र वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, परेड व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, अग्निशमन व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक विभाग को निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संबंध में निर्देश दिए गए कि विद्यालयों द्वारा प्रस्तुतियां देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की भावना पर आधारित हों। कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाएगा तथा चयनित प्रस्तुतियों को अंतिम रिहर्सल के बाद समारोह में शामिल किया जाएगा। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समारोह स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था, नगर पालिका द्वारा स्वच्छता एवं पेयजल, विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग द्वारा मंच एवं बैरिकेडिंग तथा अग्निशमन दल द्वारा सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग को यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं पार्किंग प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप निर्धारित तिथियों तक सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते रहें, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह जिले में गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!