विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की दी विस्तृत जानकारी

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟦 जिला – नारायणपुर

🔷 *सरस्वती शिशु मंदिर कुम्हारपारा एवं बालक उच्चतर प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर में यातायात पुलिस की जागरूकता कक्षा आयोजित, विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की दी विस्तृत जानकारी*

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री अजय कुमार के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत यातायात शाखा नारायणपुर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, कुम्हारपारा तथा बालक उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, नारायणपुर में पृथक-पृथक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मोहसिन खान एवं यातायात शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। प्रोजेक्टर एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों का महत्व तथा नियमों के पालन की आवश्यकता के बारे में सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को विशेष रूप से बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा मोटर वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। इस दौरान विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान गोल्डन ऑवर के महत्व पर विशेष जानकारी दी गई तथा बताया गया कि दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराने से उसका जीवन बचाया जा सकता है। साथ ही राहवीर (Good Samaritan) योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने तथा PM-RAHAT योजना के माध्यम से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देने एवं आवश्यक सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार एवं समाज की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल द्वारा बताया गया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भविष्य में भी इसी प्रकार के सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!