
🟪 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
जनदर्शन में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
कलेक्टर नम्रता जैन ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
नारायणपुर, 24फरवरी 2026// कलेक्टर नम्रता जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनदर्शन में सड़क, पुलिया, पेयजल, आवास, नामांतरण, निर्माण कार्य स्वीकृति, स्वास्थ्य सेवाएं, वेतन वृद्धि, अनुदान, अवैध खनन जांच सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। शांतिनगर मोहल्लेवासियों ने सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण की मांग रखी। ग्राम कच्चापाल के लखमू ध्रुव ने राइस मिल खोलने हेतु अनुदान राशि की मांग की। ग्राम पंचायत गुदाड़ी के ग्रामीणों ने सोलर टंकी, बोर एवं स्कूल की मांग की। माहका के सरपंच ने तालाब सौंदर्यीकरण एवं निर्मला घाट निर्माण का प्रस्ताव दिया। ग्राम करमरी, बोरण्ड, टिमनार, बागडोंगरी, नेतानार, कोलियारी, मालिंगनार, आमासरा, एड़का सहित अनेक ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सड़क, पुलिया, हैंडपंप, नलजल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्राथमिक शाला भवन, आंगनबाड़ी, बाउंड्रीवाल एवं पंचायत भवन से संबंधित निर्माण कार्यों की स्वीकृति की मांग की।
कुछ आवेदनों में व्यक्तिगत समस्याएं भी शामिल रहीं। कुकड़ाझोर निवासी माता रतोबाई ने वन भूमि पट्टा देने की मांग की। कपिल देव एवं श्रीमती विद्यावती ने पैतृक भूमि के नामांतरण में सुधार की मांग की। संध्यापाल ग्राम बिंजली ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लंबित होने की शिकायत की। डीएमएफ कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग रखी। जिला अध्यक्ष आम आदमी पार्टी परमती दुग्गा ने अबुझमाड़ क्षेत्र में सड़क निर्माण के नाम पर अवैध खनन की जांच की मांग की। वहीं, आईल पाम किसानों ने राष्ट्रीय मिशन ऑन ऑयलसीड एंड ऑयल पाम योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और प्रशासन इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है।
🟥 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल














