
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
🔷 *नारायणपुर जिले में गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस*
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायणपुर के हाई स्कूल ग्राउंड में गरिमामय एवं भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी रहीं।
मुख्य अतिथि सुश्री लता उसेंडी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा मार्च पास्ट के दौरान परेड की सलामी ली गई।
परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अमृता पैंकरा एवं द्वितीय कमान अधिकारी प्रशिक्षु सूबेदार श्री विक्रम सिंह के नेतृत्व में विभिन्न टुकड़ियों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।
शांति एवं एकता के प्रतीक तिरंगा गुब्बारों को मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा आसमान में छोड़ा गया। तिरंगा गुब्बारों के आसमान में उड़ते दृश्य ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का भाव और अधिक सशक्त कर दिया।
🔷 *देश के नाम संदेश एवं शहीद परिवारों का सम्मान*
मार्च पास्ट के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा देश के नाम संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा जिले के शहीद परिवारों से आत्मीय भेंट की गई। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
🔷 *सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने इन मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना दिया।
🔷 *उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान*
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट एवं सराहनीय निर्वहन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
🔷 *“साइबर जागृति अभियान” के लोगो एवं QR कोड का विमोचन*
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी साइबर जागरूकता अभियान “साइबर जागृति अभियान” के लोगो एवं QR कोड का विमोचन किया गया। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में नारायणपुर पुलिस द्वारा जनजागरूकता के उद्देश्य से तैयार किए गए *व्हाट्सएप चैनल “नारायणपुर पुलिस – आपका माड़ मित्र”* के QR कोड का भी विमोचन किया गया। QR कोड को स्कैन कर आम नागरिक सीधे नारायणपुर पुलिस के व्हाट्सएप चैनल से जुड़ सकते हैं तथा पुलिस की विभिन्न गतिविधियों, महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं जनजागरूकता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में “साइबर जागृति अभियान” के तहत लगाए गए जागरूकता स्टैंडी के समक्ष मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा फोटो खिंचवाकर साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल














