
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
🔷 *पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने ली जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक*
🔷*बेसिक पुलिसिंग, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP), ई-मालखाना, मेडलेपार (MedLeaPR), ई-साक्ष्य एवं माड़ मैत्री के प्रभावी संचालन पर दिया विशेष जोर*
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने पुलिस कार्यालय, नारायणपुर में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के समस्त थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने बेसिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने पर विशेष बल देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना अपने मूल पुलिस कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना सुनिश्चित करे।
उन्होंने सभी थानों के रिकॉर्ड संधारण की विस्तृत समीक्षा करते हुए अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, साइबर अपराधों की प्रभावी विवेचना तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मर्ग प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, मेडलेपार के माध्यम से सभी मर्ग एवं मुलाहिजा प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित करने तथा ई-प्रॉसिक्यूशन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी प्रकरणों में ई-साक्ष्य के माध्यम से जब्ती, घटना स्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन एवं अन्य आवश्यक साक्ष्यों का डिजिटल संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को ई-मालखाना (e-Malkhana) में शत-प्रतिशत दाखिला सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जब्त संपत्तियों एवं मालखाना अभिलेखों का समयबद्ध डिजिटलीकरण एवं नियमित अद्यतन किया जाए, जिससे साक्ष्यों के संधारण एवं न्यायालयीन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित हो सके।
समीक्षा के दौरान लंबित अपराध, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति, वारंट एवं समंस तामील, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही एवं दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने जिले में संचालित सामुदायिक पुलिसिंग अभियान *”माड़ मैत्री”* को निरंतर एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए माड़ मैत्री के अंतर्गत आयोजित चौपाल, जनजागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा समाज में विश्वास एवं सुरक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत हो।
बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी पुलिस कार्यालय, नारायणपुर में उपस्थित रहे, जबकि जिले के समस्त थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रभावी पुलिसिंग, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, तकनीक आधारित अनुसंधान तथा आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने हेतु समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













