
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
देश सेवा के साथ मानव सेवा में भी आगे आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान, जरूरतमंद मरीज के लिए किया रक्तदान

पत्रकार एवं समाज सेवी डे नारायण सिंह बघेल की पहल पर रामलाल पाठक के लिए रक्त की व्यवस्था, आईटीबीपी के सिपाही सुरेंद्र कुमार और बीएसएफ के सिपाही अमरीक सिंह ने किया एक-एक यूनिट रक्तदान किया A-
नारायणपुर। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए पत्रकार एवं समाजसेवी डे नारायण सिंह बघेल लगातार प्रयासरत रहते हैं। जैसे ही किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होने की जानकारी मिलती है, वे रक्तदाताओं की तलाश में जुट जाते हैं। उनकी इस मानवीय पहल में सुरक्षा बलों के जवान भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ जवान मानव सेवा के क्षेत्र में भी मिसाल पेश कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिला अस्पताल, नारायणपुर में भर्ती मरीज रामलाल पाठक के लिए रक्त की आवश्यकता होने पर डे नारायण सिंह बघेल ने रक्तदाताओं से संपर्क कर रक्त की व्यवस्था कराने का प्रयास किया। उनकी पहल पर आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी के ड्राइवर सुरेंद्र कुमार ने एक यूनिट रक्तदान किया, वहीं बीएसएफ की 58वीं वाहिनी के सिपाही अमरीक सिंह ने भी एक यूनिट रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया।
इस पुनीत कार्य में आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी के सेनानी अभिषेक सूद एवं बीएसएफ की 58वीं वाहिनी के सेनानी रुपिंदर भारद्वाज के मार्गदर्शन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों जवानों ने जरूरतमंद मरीज की सहायता के लिए आगे आकर यह संदेश दिया कि देश सेवा के साथ मानव सेवा भी महत्वपूर्ण दायित्व है।
रक्तदान के इस सराहनीय योगदान पर जिला अस्पताल प्रबंधन एवं मरीज के परिजनों ने रक्तदाताओं, पत्रकार एवं समाजसेवी डे नारायण सिंह बघेल तथा इस मानवीय पहल से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मानव सेवा की मिसाल बन रही पहल
डे नारायण सिंह बघेल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की आवश्यकता होने पर रक्तदाताओं से संपर्क कर उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। इस पहल में आईटीबीपी और बीएसएफ के जवानों का सहयोग जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है।
सुरक्षा बलों के जवानों का यह योगदान समाज को प्रेरित करता है कि मानवता और सेवा की भावना किसी सीमा में बंधी नहीं होती। देश की रक्षा के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना ही सच्ची मानव सेवा है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













