
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
सोनपुर में BSF ने चलाया ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं भ्रष्टाचार निरोधक अभियान, ग्रामीणों को किया जागरूक
विद्यालय, अस्पताल, बस स्टैंड और मंदिर परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान; शिक्षा, स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों के प्रति दिया जागरूकता का संदेश
नारायणपुर, 28 अक्टूबर 2026। ग्राम सोनपुर, जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में 133वीं बटालियन सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं भ्रष्टाचार निरोधक अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता और स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेन्ट श्री कमल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं अन्य कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सीमा सुरक्षा बल के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से ग्राम सोनपुर के विद्यालय, अस्पताल, बस स्टैंड एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस पहल के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर BSF के अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों को शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वस्थ जीवनशैली और नैतिक मूल्यों का पालन एक सशक्त समाज तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा सुरक्षा बल एवं स्थानीय जनता के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
🟪 प्रधान संपादक -डे नारायण सिंह बघेल












