
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
*अधिक दर पर खाद बेचने वाले विक्रेता का लाइसेंस निलंबित*
*किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने कृषि विभाग कर रहा लगातार निगरानी*
नारायणपुर, 23 अगस्त 2026 // जिले में किसानों को कृषि आदान निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अधिक दर पर उर्वरक बेचने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए संबंधित कृषि विक्रेता का उर्वरक लाइसेंस 15 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
कृषि विभाग को नारायणपुर के गुप्ता ट्रेडर्स कृषि केंद्र, बखरूपारा एवं दीपक कृषि केंद्र, पाठक चौक के विक्रेताओं द्वारा यूरिया एवं डीएपी उर्वरक निर्धारित शासकीय दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर विभाग द्वारा मामले की जांच एवं परीक्षण किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की गई। अधिसूचित प्राधिकारी उर्वरक एवं उप संचालक कृषि श्रीमती मोनिका ठाकुर द्वारा संबंधित विक्रेता का उर्वरक लाइसेंस 15 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक एवं अन्य कृषि आदान निर्धारित दर पर ही खरीदें। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि ली जाती है अथवा उर्वरक बिक्री में किसी प्रकार की अनियमितता की जाती है, तो इसकी शिकायत कृषि कार्यालय में की जा सकती है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












