
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
🔷 *“ट्रैफिक की पाठशाला” के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी*
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सिंगोड़ीतराई में विद्यार्थियों के लिए “ट्रैफिक की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मो. मोहसिन खान द्वारा विद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. मिस्त्री, शिक्षकों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों एवं सड़क चिन्हों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
*सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा का दिया संदेश*
यातायात प्रभारी मो. मोहसिन खान ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा” का संदेश दिया गया। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की गई।
यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं वाहन चालकों के बीच यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा, पीएम राहत एवं राहवीर योजना के संबंध में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












