साइबर जागृति अभियान :- एसपी संदीप पटेल ने विद्यार्थियों से किया संवाद, साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय”

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟪 जिला – नारायणपुर

🔷 *साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुपगांव में विद्यार्थियों से किया संवाद*

🔷 *साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं एवं बचाव के उपायों की दी जानकारी, विद्यार्थियों को किया जागरूक*

साइबर अपराधों के प्रति आमजन एवं विशेषकर विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित *”साइबर जागृति अभियान”* के तहत नारायणपुर पुलिस द्वारा निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 22 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सुपगांव, नारायणपुर पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। इनके बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का स्वरूप भी लगातार बदल रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल एवं संदेश, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग एवं यूपीआई धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी, फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी, नौकरी एवं लॉटरी के नाम पर ठगी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, यूपीआई पिन अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध क्यूआर कोड स्कैन करने अथवा लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से बचें। सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी एवं फोटो आदि साझा करने में भी सावधानी बरतें।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर बिना समय गंवाए शिकायत करना महत्वपूर्ण है, जिससे ठगी की राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सके।

*पुलिस एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद को मजबूत करने की पहल*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को थाना एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने तथा पुलिस एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए ऐसे भ्रमण उपयोगी होंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को थाना एवं पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्य चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर श्री अजय सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) श्री आशीष नेताम एवं साइबर सेल की टीम उपस्थित रही। साइबर सेल की टीम द्वारा भी विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

नारायणपुर पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

*नारायणपुर पुलिस की अपील*

नारायणपुर पुलिस आमजन एवं विद्यार्थियों से अपील करती है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और डिजिटल दुनिया में सावधानीपूर्वक कदम बढ़ाएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर संपर्क कर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं।

साइबर सुरक्षा – आपकी सतर्कता, आपकी सुरक्षा।

🟦 प्रधान संपादक -डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!