
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
*नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग बदहाल, बस सेवा बंद होने से ग्रामीण परेशान*
नारायणपुर। नारायणपुर-अंतागढ़ मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ने दूरस्थ अंचल के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के बाद सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों और दलदल में तब्दील हो गई है। हालात यह हैं कि छोटे-बड़े वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति के चलते बस सेवा भी बंद हो गई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, विद्यार्थी और कर्मचारी आवागमन करते हैं। बस सेवा बंद होने से दूरस्थ गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों और दलदल को दुरुस्त करने तथा बंद बस सेवा को जल्द बहाल कराने की मांग की है। साथ ही सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए नियमित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अस्पताल, शिक्षा, रोजगार और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने की महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। ऐसे में मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कर आवागमन सुचारु किया जाना आवश्यक है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













