
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
नारायणपुर में 30 पंचायत सचिवों से 3.19 करोड़ रुपये की वसूली के आदेश, 45 दिनों में राशि जमा कराने के निर्देश
अपूर्ण निर्माण कार्यों एवं वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में जिला पंचायत की कार्रवाई
नारायणपुर। जिला पंचायत नारायणपुर ने अपूर्ण निर्माण कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड नारायणपुर एवं ओरछा के 30 ग्राम पंचायत सचिवों से कुल 3 करोड़ 19 लाख 67 हजार रुपये की वसूली के निर्देश जारी किए हैं।
21 जुलाई 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित सचिवों द्वारा निर्माण कार्यों की राशि आहरित करने के बावजूद कई कार्य पूर्ण नहीं किए गए। वहीं विभागीय जांच में कुछ मामलों में वित्तीय अनियमितताएं भी सामने आई हैं।
जारी आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सूचीबद्ध सचिवों के विरुद्ध आरआरसी (RRC) प्रकरण दर्ज कर 45 दिनों के भीतर वसूली सुनिश्चित कराई जाए तथा वसूली गई राशि पंचायत खाते में जमा कर इसकी जानकारी जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जाए।
जिला पंचायत द्वारा जारी सूची में विकासखंड नारायणपुर और ओरछा के कुल 30 पंचायत सचिवों के नाम एवं उनके विरुद्ध निर्धारित वसूली राशि का उल्लेख किया गया है। दोनों विकासखंडों से कुल ₹3.1967 करोड़ की वसूली प्रस्तावित है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













