माओवादियों की अवैध वसूली से जुटाई गई 14.89 लाख रुपये की नकदी बरामद, संपत्ति पर दावा-आपत्ति के लिए 9 जुलाई तक का समय

🟥 रिपोर्टर -डे नारायण सिंह बघेल

🟦 जिला – नारायणपुर

*माओवादियों की अवैध वसूली से जुटाई गई 14.89 लाख रुपये की नकदी बरामद, संपत्ति पर दावा-आपत्ति के लिए 9 जुलाई तक का समय*

नारायणपुर, 06 जुलाई 2026 // जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माओवादी संगठन के कुछ सदस्यों द्वारा अवैध वसूली एवं उगाही से एकत्रित कर जंगल में छिपाकर रखी गई 14 लाख 89 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। मामले में जब्त संपत्ति के स्वामित्व को लेकर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए 9 जुलाई 2026 को सुनवाई निर्धारित की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल के एक चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम की सहायता से जांच की। जांच के बाद संबंधित स्थान की खुदाई करने पर जमीन के भीतर से एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।

डिब्बे को सुरक्षा मानकों के तहत खोलने पर उसमें 500 रुपये के 29 बंडल मिले, जिनमें प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट थे। इसके अलावा एक अन्य बंडल में 500 रुपये के 78 नोट तथा कुछ नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया। बरामद सभी नोट प्रथम दृष्टया भारतीय मुद्रा के प्रतीत हो रहे हैं। कुल मिलाकर पुलिस ने 14 लाख 89 हजार रुपये की नकदी जब्त की है।
बरामद सामग्री का पंचनामा गवाहों की उपस्थिति में तैयार किया गया है। इस संबंध में थाना सोनपुर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 17 एवं 40 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति के संबंध में प्रतिधारण अनुज्ञा आदेश जारी करने हेतु प्रकरण छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग के प्रमुख सचिव के समक्ष विचाराधीन है। मामले की सुनवाई 9 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त संपत्ति के स्वामित्व के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को दावा या आपत्ति प्रस्तुत करनी है, तो वह 9 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे तक प्रमुख सचिव, गृह विभाग, मंत्रालय, कक्ष क्रमांक S-3-10, तृतीय तल, महानदी भवन, नया रायपुर, अटल नगर के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त किसी भी दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!