
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
*योग स्वस्थ समाज का आधार है, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं – वनमंत्री श्री केदार कश्यप*
*12वें अंतर्राष्ट्रीय योगाभ्यास कार्यक्रम में योग संकल्प का दिलाया शपथ*
नारायणपुर, 21 जून 2026 //जिले के कोटमहर गार्डन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन एवं सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनमंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वैश्विक स्तर पर एक जन आंदोलन के रूप में हुई, जिसके परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। योग तन और मन दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।
श्री कश्यप ने कहा कि देश योग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से योग करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के महत्व एवं उसके लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों- कर्मचारी, स्कूली बच्चों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है जिसे प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त हुई है। उन्होंने योग को व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति बताया। मंत्री श्री कश्यप ने कहा योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। यह व्यक्तिगत कल्याण के साथ-साथ समाज को भी सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने लोगों से योग को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, स्वच्छ व व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थितजनों को ताड़ासन, कटिचक्रासन, सेतुबंधासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, हलासन, बज्रासन, उष्ट्रासन, तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम कराए गए। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन के लाभों की जानकारी भी दी, जिससे लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़े।
योग कार्यक्रम के पश्चात वनमंत्री श्री कश्यप ने उपस्थित जन सामान्य को योग संकल्प का शपथ दिलाया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारिता लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रतापसिंह मंडावी, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई तथा एसडीएम श्री अभयजीत मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्कूली छात्र छात्राएं, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित थे।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल














