
*मुर्गा लड़ाई के दौरान चाकू से हमला, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल*

नारायणपुर | 18 जनवरी
गुरिया क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 3 बजे आयोजित मुर्गा लड़ाई के दौरान एक अप्रत्याशित हादसा हो गया। लड़ाई के दौरान एक मुर्गा अचानक उड़कर वहां खड़े व्यक्ति पर झपट पड़ा और उसके पैर में बंधे चाकू से हमला हो गया।
इस घटना में बखरूपारा, नारायणपुर निवासी 44 वर्षीय संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्गे के चाकू से उनके बाएं हाथ में गहरा कटा हुआ घाव हो गया, जबकि पेट के बगल (एब्डॉमिनल फ्लैंक) क्षेत्र में भी एक गंभीर चोट आई। घाव इतने गहरे थे कि अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घायल को तत्काल जिला अस्पताल नारायणपुर लाया गया, जहां वह शाम करीब 5 बजे पहुंचा। अस्पताल में पहुंचते ही उसका इलाज शुरू किया गया।
जिला अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. एकता रंगारी ने बताया कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि उसे काफी अधिक रक्तस्राव हुआ था। प्राथमिक उपचार के तहत घावों की सफाई कर टांके लगाए गए हैं और मरीज को आगे के उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
🟥 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल











