
🟥 रिपोर्टर -डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
*38 वीं वाहिनी आईटीबीपी ने अति दुर्गम क्षेत्रों में स्थापित समस्त सी0ओ0बी0 एवं सामरिक मुख्यालय मुंजमेटा में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस*
नारायणपुर, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 38वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के मुख्यालय मुंजमेटा सहित अबूझमाड़ क्षेत्र में तैनात सभी कैंपों—एडजूम, ईदवाया, आदेर, कुडमेल एवं जाटलूर—में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
मुख्यालय मुंजमेटा में आयोजित समारोह में वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मुख्य समारोह में डिप्टी कमांडेंट श्री चिरंजी लाल बरसीवाल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे सम्मान एवं गौरव के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।
अबूझमाड़ क्षेत्र में तैनात 38वीं वाहिनी के सभी कैंपों में भी स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बाल आश्रम एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों तथा जवानों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इससे दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय पर्व का उत्साह और देशभक्ति का संदेश पहुंचा।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट श्री चिरंजी लाल बरसीवाल ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और संघर्ष को नमन किया।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के बलिदान का परिणाम है। सुरक्षा बलों के जवान विषम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, विशेषकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए जवान राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
उन्होंने जवानों का आह्वान किया कि वे ईमानदारी, साहस, अनुशासन एवं उच्च मनोबल के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र सेवा में निरंतर समर्पित रहें।
समारोह के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की समृद्धि, शांति, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन उपस्थित सभी कार्मिकों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला रहा।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













