कलेक्टर नम्रता जैन एवं एसपी संदीप पटेल ने गुरुवार को जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟦 जिला – नारायणपुर

लगातार बारिश के बीच कलेक्टर एसपी ने किया जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

नारायणपुर, 31 जुलाई 2026// जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन एवं एसपी संदीप पटेल ने गुरुवार को जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पालकी के आश्रित पारा चेचनपारा पहुंचकर उफनते नाले और जलभराव की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने बिंजली डैम का भी निरीक्षण किया। डैम की मेढ़ पर लोगों की आवाजाही को जोखिमपूर्ण बताते हुए उन्होंने मेढ़ पर बाइक एवं अन्य वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। साथ ही संबंधित विभागों को चेतावनी बोर्ड लगाने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए और लोगों को नदी-नालों, जलमग्न मार्गों एवं जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक किया जाए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अशोक चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!