
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
आपातकाल के 51वा साल: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- ‘संविधान की हत्या’ भूल नहीं सकता देश…
आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस की निरंकुश मानसिकता आज भी जीवित है- भोजराज नाग
नारायणपुर:- आपातकाल के 51वें वर्ष पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यवक्ता के रूप में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहे।भोजराज नाग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 25 जून 1975 के दिन को भारतीय लोकतंत्र का सबसे ‘काला अध्याय’ बताया और कहा कि
तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ‘आंतरिक अशांति’ का बहाना बनाकर भारत के संविधान की हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि उस रात लोकतंत्र को कुचला गया और नागरिकों के अधिकारों का हनन हुआ, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।आपातकाल लागू करने के कांग्रेस के राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसले ने लोकतंत्र के स्तंभों को हिला दिया क्योंकि उसने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को रौंदने की कोशिश की थी।
उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान, उन लोगों ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उठाई गई आवाजों को दबाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जो आज भारतीय लोकतंत्र के संरक्षक होने का दावा करते हैं। मुझे गर्व है कि हमारी पार्टी उस परंपरा से संबद्ध है जिसने आपातकाल का जी-जान से विरोध किया और लोकतंत्र की रक्षा के लिए काम किया।
आगे सांसद नाग ने कहा कि’सत्ता के दुरुपयोग और तानाशाही का जिस तरह खुला खेल उस दौरान खेला गया, वह कई राजनीतिक दलों की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता पर बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यदि आज इस देश में लोकतंत्र जीवित है तो उसका श्रेय उन लोगों को जाता है जिन्होंने लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष किया, जेल गये और न जाने कितनी शारीरिक और मानसिक यातना से उन्हें गुजरना पड़ा। भारत की आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद रखेंगी।
सांसद नाग ने कहा कि अहंकार में डूबी, निरंकुश कांग्रेस सरकार ने एक परिवार के सत्ता सुख के लिए 21 महीनों तक देश में सभी प्रकार के नागरिक अधिकार निलंबित कर दिए थे, मीडिया पर सेंसरशिप लगा दी थी, संविधान में बदलाव किए और न्यायालय तक के हाथ बांध दिए थे।
देश में लोकतंत्र की हत्या और उस पर बार-बार आघात करने का कांग्रेस का लंबा इतिहास रहा है। साल 1975 में आज के ही दिन कांग्रेस द्वारा लगाया गया आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
आपातकाल के खिलाफ संसद से सड़क तक आंदोलन करने वाले असंख्य सत्याग्रहियों, समाजसेवियों, श्रमिकों, किसानों, युवाओं व महिलाओं के संघर्ष को नमन करता हूं।
मिडिया संवाद के दौरान लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन गौतम गोलछा महामंत्री संदीप झा पंकज जैन एवं मीडिया प्रभारी सुदीप झा उपस्थित रहे।
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













