
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर (छ.ग.)
नारायणपुर पुलिस द्वारा “माड़ मैत्री समर कैंप” का शुभारंभ
बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास, प्रतिभा निखार एवं सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की अनूठी पहल
नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु “माड़ मैत्री समर कैंप” का शुभारंभ कल दिनांक 18 मई 2026 से किया गया। यह समर कैंप बच्चों एवं युवाओं को रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मक सोच एवं सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस समर कैंप में प्रतिभागियों को डांसिंग, क्राफ्ट एंड आर्ट, पेंटिंग, जूडो एवं मलखंभ जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
समर कैंप के दौरान बच्चों एवं युवाओं को अनुशासन, टीम भावना, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया जा रहा है। नारायणपुर पुलिस की यह पहल बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान कर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम अवधि: 18.05.2026 से 22.05.2026 तक
समय: प्रतिदिन शाम 04:00 बजे से 06:00 बजे तक
स्थान: डीआरजी प्रशिक्षण परिसर, नारायणपुर
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने नारायणपुर पुलिस की इस पहल की सराहना की। नारायणपुर पुलिस द्वारा सभी अभिभावकों एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समर कैंप का लाभ उठाने की अपील की गई है।
“माड़ मैत्री” अभियान के माध्यम से नारायणपुर पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर “विश्वास, विकास और सुरक्षा” के उद्देश्य को निरंतर मजबूत कर रही है। बच्चों एवं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













