जिले में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति बाधित होने की खबरों को बताया अफवाह :- होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर दी सख्त चेतावनी

*गैस आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की सख्ती, कालाबाजारी रोकने संयुक्त टीम का आकस्मिक निरीक्षण*

*जिले में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति बाधित होने की खबरों को बताया अफवाह*

*होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर दी सख्त चेतावनी*

नारायणपुर, 15 मार्च 2026 // जिले में रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस एजेंसी के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। निरीक्षण के समय मौजूद मैनेजर को रसीद काउंटर तथा गोदाम परिसर में डिलीवरी काउंटर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। साथ ही पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की लंबी कतार को देखते हुए उनके बैठने के लिए छायादार टेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए।

संयुक्त टीम ने गैस एजेंसी को प्रतिदिन स्टॉक पंजी का विधिवत संधारण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग होटल, ढाबों या निर्माण कार्यों में करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसी क्रम में टीम ने नगर के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में भी जांच कर संचालकों को व्यावसायिक सिलेंडर का उपयोग करने तथा आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि वर्तमान में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और आपूर्ति बाधित होने की खबरें मात्र अफवाह हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग की स्थिति में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में तहसीलदार सौरभ चौरसिया तथा सहायक खाद्य अधिकारी योगेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और गैस के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

🟥 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!