
🟥 रिपोर्टर -डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
बीएसएफ की 86वीं वाहिनी ने परियादी में सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं चिकित्सा शिविर का किया आयोजन, ग्रामीणों को मिली राहत
नारायणपुर, 06 नवंबर 2026। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (बीएसएफ) की 86वीं वाहिनी द्वारा सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों के कल्याण एवं जरूरतमंदों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीओबी परियादी में सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 86वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्री सुभाष चंदर गोयल की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर श्री सोनलियन सोंटाह, डिप्टी कमांडेंट एवं एडजुटेंट, श्री चमन भाई गोरवाल, सहायक कमांडेंट, चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम टोंडन एवं डॉ. दीपक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती लक्ष्मी धुर्वे, इरगू राम मेटामे, गायता तथा परियादी गांव के लगभग 40 ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस दौरान ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सोलर लालटेन, स्कूल बैग, प्लास्टिक तिरपाल, गेती, सब्बल, दरांती, प्लास्टिक चटाई, स्टील प्लेट, पानी के गिलास, प्लास्टिक कुर्सी, पानी का जग, वॉलीबॉल एवं नेट, फुटबॉल, रेनकोट, प्लास्टिक कंटेनर, मच्छरदानी, प्राथमिक उपचार किट, हाथ आरी, हथौड़ा, कपड़े, रबर के जूते, कंबल, ज्योमेट्री बॉक्स, सिंटेक्स टंकी, प्लास्टिक बाल्टी, मग एवं साड़ियां सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।
इसी क्रम में सीओबी परियादी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में 12 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। जांच के दौरान दो बच्चों में पीएफ (प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम) मलेरिया की पुष्टि होने पर उन्हें निर्धारित एंटी-मलेरिया दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
बीएसएफ की 86वीं वाहिनी द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम से ग्रामीणों को आवश्यक घरेलू सामग्री के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। इस पहल से सुरक्षा बल और स्थानीय ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द को और मजबूत करने का प्रयास किया गया।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












