Breaking News
133 वीं वाहिनी BSF की सराहनीय पहल: मसपुर में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 136 ग्रामीण लाभान्वित। बस्तर फाइटर्स भर्ती 2026: नारायणपुर के युवाओं के लिए 383 पदों पर सुनहरा अवसर, आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू! एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संकल्प: नारायणपुर के 14 थानों और 48 पुलिस कैंपों में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस नारायणपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: तत्कालीन एसपी सहित 15 अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक 133वीं वाहिनी BSF की सराहनीय पहल: होरादी कैंप में लगा निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र जांच शिविर, 117 ग्रामीण लाभान्वित नारायणपुर के युवाओं को पुलिस भर्ती का बड़ा मौका, बस्तर फाइटर्स के 383 पदों पर होगी भर्ती; 2 नवंबर से आवेदन शुरू

नारायणपुर के युवा क्रिकेटरों का दमदार प्रदर्शन, अंडर-19 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बनाई जगह

🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल

🟪 जिला – नारायणपुर

137 रन का किया सफल बचाव, रोमांचक मुकाबले में 4 रन से जीत; 25 अक्टूबर को धमतरी में होगा सेमीफाइनल

नारायणपुर, 15 अक्टूबर। स्कोर छोटा था, लेकिन नारायणपुर के युवा खिलाड़ियों का हौसला बड़ा। सरगुजा के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में नारायणपुर अंडर-19 टीम ने महज 137 रन का बचाव करते हुए 4 रन से शानदार जीत हासिल की। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित अंडर-19 वनडे प्लेट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

15 अक्टूबर को कवर्धा में खेले गए मुकाबले में नारायणपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम 29.2 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई। सरगुजा के सामने जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य था, लेकिन नारायणपुर के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए उसकी पूरी टीम को 43 ओवर में 133 रन पर समेट दिया।

इस रोमांचक जीत में हर्ष सरकार और 16 वर्षीय नमन सिंह ठाकुर का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा। बल्लेबाजी के दौरान एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बीच हर्ष ने संयम और जिम्मेदारी से खेलते हुए 56 रन की शानदार पारी खेली। उनकी यह संघर्षपूर्ण पारी टीम को मुकाबला करने लायक स्कोर तक पहुँचाने में निर्णायक साबित हुई।

वहीं, गेंदबाजी में दाएँ हाथ के लेग स्पिनर नमन सिंह ठाकुर ने दबाव के क्षणों में बाजी पलट दी। एक समय सरगुजा को जीत के लिए केवल 10 रन चाहिए थे और नारायणपुर को चार विकेट की जरूरत थी। ऐसे नाजुक मोड़ पर नमन ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर नारायणपुर की उम्मीदें जगा दीं। इसके बाद अंतिम विकेट भी उन्होंने ही लेकर टीम की 4 रन से यादगार जीत सुनिश्चित की। महज 16 वर्ष की उम्र में उनका यह प्रदर्शन मुकाबले का सबसे खास आकर्षण रहा।

इससे पहले 13 अक्टूबर को नारायणपुर ने रायगढ़ के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 283 रन बनाए और रायगढ़ को 36 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट कर 131 रन से जीत दर्ज की थी। पहले मुकाबले में बड़ा स्कोर खड़ा करने और दूसरे में छोटे स्कोर की रक्षा करने वाली नारायणपुर की टीम ने दोनों मैचों में अपनी क्षमता साबित की है।

बस्तर अंचल के नारायणपुर जैसे छोटे जिले के लिए सेमीफाइनल तक पहुँचना विशेष उपलब्धि है। सीमित संसाधनों के बीच खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और एकजुटता से मिली यह सफलता जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।

अब नारायणपुर का सेमीफाइनल मुकाबला 25 अक्टूबर 2026 को धमतरी में पूल ‘सी’ से क्वालीफाई करने वाली टीम के खिलाफ होगा। मुख्य कोच करनदीप सिंह सग्गू ने कहा कि टीम आगामी मुकाबले के लिए अपनी तैयारियों को और मजबूत करेगी तथा बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी।

जिला क्रिकेट संघ नारायणपुर के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!