
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
आमदई माइंस में खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, धू-धूकर जला वाहन; बाल-बाल बचा चालक
नारायणपुर — जिले के छोटेडोंगर स्थित आमदई माइंस से बड़ी खबर सामने आई है। लौह अयस्क खदान क्षेत्र में खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि ट्रक में आग लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित प्रबंधन को दी। आग की तेज लपटों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में नजर आ रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राहत की बात यह रही कि ट्रक का चालक समय रहते वाहन से सुरक्षित बाहर निकल गया। घटना में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही माइंस प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
खदान क्षेत्र में ट्रक में लगी भीषण आग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और नुकसान का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
कैमरे में कैद आग का वीडियो सामने आने के बाद घटना की तस्वीर साफ तौर पर सामने आई है।
🟪 प्रधान संपादक डे नारायण सिंह बघेल













