
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
कारगिल विजय दिवस पर नारायणपुर में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सैनिक, पुलिस जवान, पत्रकार, महिलाएं एवं नागरिक हुए शामिल
नारायणपुर | 26 जुलाई 2026
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को नारायणपुर में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सेल्यूट तिरंगा के अध्यक्ष एवं जिला रेड क्रॉस अधिकारी नरेंद्र मेश्राम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर माँ भारती की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि “कारगिल के अमर वीरों का शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
कार्यक्रम में बताया गया कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है। वर्ष 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों में लगभग 60 दिनों तक चले युद्ध में भारतीय सेना ने अदम्य साहस, पराक्रम और अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। यह दिवस उन सभी वीर सैनिकों के सम्मान और स्मरण का प्रतीक है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कारगिल युद्ध हमें साहस, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, समर्पण और कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की सीख देता है। भारतीय सैनिकों ने अपने अदम्य साहस से यह सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प और मजबूत इरादों के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
श्रद्धांजलि सभा में सेवानिवृत्त सेना के जवान, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान, पत्रकार,सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए कारगिल के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













