
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
सुरक्षा और विश्वास सेतु…
आईटीबीपी की 38वीं वाहिनी द्वारा जाटलूर नाला पर निर्मित लकड़ी के फुट सस्पेंशन ब्रिज का लोकार्पण
नारायणपुर, 15 जुलाई 2026।
दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास तथा स्थानीय नागरिकों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक श्री अजय पाल सिंह ने आज जाटलूर क्षेत्र में नव-निर्मित लकड़ी के फुट सस्पेंशन ब्रिज का विधिवत उद्घाटन किया।
लगभग 250 फीट लंबा, 5 फीट चौड़ा एवं 15 फीट ऊँचा यह पुल आईटीबीपी के जवानों तथा स्थानीय ग्रामीणों के स्थानीय संसाधन,संयुक्त श्रमदान एवं सहयोग से निर्मित किया गया है। विशेष रूप से वर्षा ऋतु में उफनते जाटलूर नाला को पार करने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए यह पुल स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों तथा सुरक्षा बलों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करेगा।
उद्घाटन समारोह में श्री राजीव गुप्ता, कमांडेंट 45वीं वाहिनी, श्री अभिषेक सूद, कमांडेंट 29वीं वाहिनी, श्री अशोक कुमार सिंह, द्वितीय कमान 38वीं वाहिनी, श्री संजय कुमार, द्वितीय कमान 53वीं वाहिनी, केंद्रीय सीमांत मुख्यालय एवं 38वीं वाहिनी के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी द्वारा संचालित सिविक एक्शन प्रोग्राम (CAP) के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को साइकिलें वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुल निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं जवानों को महानिरीक्षक द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महानिरीक्षक श्री अजय पाल सिंह ने घोषणा की कि नव-निर्मित इस पुल का नाम शहीद अमोल माधव राव महरे की स्मृति में रखा जाएगा जिन्होंने पिछले वर्ष नवम्बर मे नक्सल विरोधी अभियान मे अपना सर्वस्व बलिदान दिया था l उन्होंने कहा कि यह निर्णय उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को सम्मान तथा आईटीबीपी के जवानों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लिया गया है।
समारोह के समापन पर उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया तथा सामूहिक मध्याह्न भोज का आयोजन भी किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितैषी पहल के लिए आईटीबीपी का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













