
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
शहीदों की स्मृति में हुआ वृक्षारोपण
वन मंत्री केदार कश्यप ने हरियाली रथ एवं पुलिस बस को दिखाई हरी झंडी
नारायणपुर, 10 जुलाई 2026// जिले के पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, संसदीय कार्य एवं परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने शहीदों के नाम पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित नारायणपुर के संकल्प को मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के पश्चात मंत्री श्री केदार कश्यप ने हरियाली रथ तथा पुलिस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरियाली रथ के माध्यम से जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, वहीं पुलिस बस से विभागीय गतिविधियों को और अधिक सुगम बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाए रखने का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका के अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













