
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
कोंडागांव, 11 जून 2026 — नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के 05 युवाओं हेतु आयोजित 14 दिवसीय साइकिल रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज 41वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के सामरिक मुख्यालय, कोंडागांव में संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डीआईजी, सेक्टर मुख्यालय (भुवनेश्वर) के मार्गदर्शन तथा श्री बेनुधर नायक, कमांडेंट, 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय आदिवासी युवाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना था।
आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को साइकिल मरम्मत, रखरखाव एवं सर्विसिंग से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क था, जिसमें 41वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा आवास, भोजन, परिवहन एवं प्रशिक्षण की समस्त व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रत्येक प्रशिक्षु को कपड़ों का किट एवं साइकिल रिपेयरिंग टूल किट प्रदान किया गया, जिससे वे तत्काल स्वरोजगार अथवा संबंधित रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को कोंडागांव क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न आजीविका अवसरों से परिचित कराने हेतु उद्यानिकी फार्म, मत्स्य पालन केंद्र, स्विमिंग पूल, पारंपरिक कुम्हार शिल्प केंद्र, नारियल बागान एवं आम बागान का भ्रमण भी कराया गया।
समापन समारोह में 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान, साइकिल प्रशिक्षक श्री योगेश, तथा प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण के लिए आईटीबीपी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है तथा भविष्य में आय अर्जित करने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
यह पहल 41वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा अबूझमाड़ के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों के युवाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास, कौशल उन्नयन एवं सशक्तिकरण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













