
*नारायणपुर में 19 अप्रैल को निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर, दूरस्थ अबूझमाड़ तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की तैयारी तेज*
*कलेक्टर की अध्यक्षता में तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर, सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य के निर्देश*
*विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में जांच, उपचार और परामर्श पूरी तरह निःशुल्क*
नारायणपुर, 15 अप्रैल 2026 // जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने और अबूझमाड़ के सुदूर ग्रामीणों तक बेहतर उपचार पहुंचाने के उद्देश्य से 19 अप्रैल 2026 को नारायणपुर बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
निःशुल्क महा स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों और सफल आयोजन के लिए कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में 13 अप्रैल को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंजीयन काउंटर, वालंटियर व्यवस्था, पेयजल, भोजन, छाया और कूलर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने बताया कि ओरछा विकासखंड के दुर्गम क्षेत्रों में अभी से प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है ताकि गंभीर मरीजों की पहचान कर उन्हें शिविर के दिन नारायणपुर लाया जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि दूरी या संसाधनों की कमी के कारण कोई भी ग्रामीण इस सुविधा से वंचित न रहे और अबूझमाड़ के अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंचे। शिविर में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। आयुष विभाग द्वारा जांच और परामर्श की सुविधा दी जाएगी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे जनजागरूकता को बढ़ावा मिले।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने कहा कि शिविर की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी के सहयोग से यह आयोजन जिले के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर ने जानकारी दी कि शिविर के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। गांव-गांव में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
शिविर में हड्डी रोग, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ईएनटी, चर्म रोग, दंत रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, कैंसर, नेत्र और हृदय रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। मरीजों को आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, पंकज जैन, नरेंद्र मेश्राम, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकार, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
🟦 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल













