नियद नेल्लानार योजना :- अबूझमाड़ के अंतिम छोर पहुँचा ‘सुशासन आपके द्वार’ — कलेक्टर भी पहुँची जटवर

 

🟦 रिपोर्टर  – डे नारायण सिंह बघेल

🟥 जिला  – नारायणपुर

*नियद नेल्लानार योजना: अबूझमाड़ के अंतिम छोर तक पहुँचा ‘सुशासन आपके द्वार’ ,कलेक्टर भी पहुँची जटवर*
नारायणपुर, 26 फरवरी 2026
राज्य शासन की प्राथमिकता वाली ‘नियद नेल्लानार योजना और ‘सुशासन आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन नारायणपुर ने अबूझमाड़ के अत्यंत संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई किरण पहुँचाई है। कलेक्टर नम्रता जैन स्वयं मोटरसाइकिल से दुर्गम पहाड़ों, घने जंगलों और नदी-नालों को पार कर जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम तोके ,कोड़ेनार और जटवर का दौरा किया। नियद नेल्लानार योजना के तहत प्रशासन की यह पहुँच नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विश्वास की बहाली की दिशा में एक कदम है।
ग्राम पंचायत घमंडी के आश्रित ग्राम जटवर में पहली बार आयोजित जिला स्तरीय शिविर ‘सुशासन आपके द्वार’ अभियान का आयोजन हुआ ।ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और स्पष्ट किया कि शासन की मंशा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर देते हुए कोड़ेनार, तोके और घमंडी पंचायत के सभी आश्रित ग्रामों में नए आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक शालाएं खोलने की बात कही ।घमंडी के उस ‘शिक्षा दूत’ शिक्षक की भी सराहना की, जो कठिन परिस्थितियों में गाँव के पहले स्कूल का संचालन कर रहे हैं।
‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत बुनियादी सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करते हुए शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ ग्रामीणों के 158 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। इस दौरान 21 राशन कार्ड, 34 नरेगा जॉब कार्ड, 60 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और 08 जाति प्रमाण पत्र सहित आधार व पेंशन कार्ड जारी किए गए। कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड और पीएम-किसान कार्ड के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाया गया, वहीं जिला निर्वाचन कार्यालय ने नए मतदाताओं का पंजीकरण किया। कलेक्टर ने जटवर में साप्ताहिक बाजार प्रारंभ करने की मांग को शीघ्र पूर्ण करने का भरोसा दिलाया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा
कलेक्टर ने पुलिस कैंप कोड़ेनार में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री और बच्चों को स्वेटर वितरित किए। उन्होंने महिलाओं को आधार और राशन कार्ड बनाने के लिए विभाग को निर्देशित किया एवं स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरे में एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग, जनपद सीईओ लोकेश चतुर्वेदी एपीओ जिला पंचायत , उप संचालक कृषि,उप संचालक समाज कल्याण , स्वास्थ विभाग की टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ‘सुशासन आपके द्वार’ के तहत किए गए इस प्रयास ने यह सिद्ध कर दिया है कि भौगोलिक चुनौतियाँ अब विकास के मार्ग में बाधा नहीं बनेंगी और ‘ नेल्लानार’ के माध्यम से अबूझमाड़ का हर गाँव अब ‘अच्छा गाँव’ बनेगा।

🟪 चीफ एडिटर  – डे नारायण सिंह बघेल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें

error: Content is protected !!