
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
माड़ मैत्री चौपाल का आयोजन पदमकोट ग्राम में
श्री बेनुधर नायक, कमांडेंट, 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के मार्गदर्शन में माड़ मैत्री चौपाल का आयोजन ग्राम पदमकोट में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पदमकोट कैंप के कैंप कमांडर श्री दिनेश, सहायक कमांडेंट एवं श्री महिपाल सिंह, सहायक कमांडेंट द्वारा किया गया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। श्री दिनेश, सहायक कमांडेंट द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा उन्हें इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नवीन कानूनों, नागरिक अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों, मोटर वाहन अधिनियम तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के विषय में जागरूक किया गया। साथ ही नि:शुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं नालसा हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
युवाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय युवाओं को “माड़ मित्र” के रूप में समाज एवं सुरक्षा बलों के बीच सकारात्मक सेतु बनने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने तथा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सामुदायिक विकास के अंतर्गत खेलकूद, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता आधारित गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, पोषण एवं स्वरोजगार के क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
कमांडेंट श्री बेनुधर नायक के निर्देशानुसार 41वीं वाहिनी आईटीबीपी की प्रत्येक कंपनी/कैंप द्वारा एक गांव को गोद लेकर उसे आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में पदमकोट कैंप द्वारा ग्राम पदमकोट को गोद लिया गया है। गांव में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के विकास हेतु ग्रामीणों के सहयोग से कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि पदमकोट को एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं ITBP के जवानों ने भाग लिया तथा ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा बलों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













