
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
*कस्तूरमेटा से 25-30 किमी का कठिन सफर—पहले बाइक, फिर पैदल; पहाड़, नदी-नाले और पगडंडियों को पार कर आलबेड़ा पहुंचा प्रशासन*

*कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, परंपरागत स्वागत के बीच सभी के साथ किया पारंपरिक पेज-भात का भोजन*
नारायणपुर, 14 अप्रैल 2026 // ‘सुशासन आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन की टीम ने अबूझमाड़ के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र आलबेड़ा में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। कस्तूरमेटा से लगभग 25-30 किलोमीटर का कठिन सफर तय करते हुए प्रशासनिक अमला पहाड़ी रास्तों, घने जंगलों तथा नदी-नालों को पार कर गांव तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने पहले मोटरसाइकिल से तथा तत्पश्चात पैदल चलकर गांव तक पहुंच सुनिश्चित की।
ग्राम पंचायत कुतूल के ग्राम आलबेड़ा में प्रशासन के पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों एवं मांदरी की थाप के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर के प्रथम आगमन से ग्रामीणों में विशेष उत्साह परिलक्षित हुआ।
शिविर के दौरान प्रशासनिक टीम ने पेड़ के नीचे ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनसे सीधे संवाद किया। इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन एवं प्रशासनिक टीम द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठकर पारंपरिक पेज-भात का भोजन ग्रहण किया गया। सरपंच कुतूल रामजी वरदा द्वारा बताया गया की इससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच आत्मीयता का वातावरण बना तथा आपसी विश्वास और संवाद को और सुदृढ़ता मिली।
दौरे के दौरान एक प्रेरणादायक क्षण भी सामने आया, जब गांव की कक्षा तीसरी की छात्रा सुखमती ने कलेक्टर से संवाद करते हुए भविष्य में स्वयं कलेक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। इस मासूम लेकिन दृढ़ अभिव्यक्ति ने वहां उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि ऐसे प्रयास बच्चों के सपनों को नई दिशा दे रहे हैं।
जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित मांगें प्रस्तुत की गईं। कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, खाद्य, राजस्व एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्टॉल स्थापित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का परीक्षण कर आवश्यक औषधियों का वितरण भी किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि ‘सुशासन आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों तक शासकीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है तथा भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
इस अवसर पर सरपंच कुतूल रामजी वरदा, एसडीएम ओरछा डॉ. सुमित गर्ग, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश चतुर्वेदी , खाद्य अधिकारी , एपीओ पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
🟪 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल













