
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
*जिला जेल नारायणपुर का मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण, बंदियों को दी विधिक जानकारी*
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में युवा बंदियों को उज्जवल भविष्य के लिए किया जागरूक
नारायणपुर, माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के आदेशानुसार जिला जेल नारायणपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नारायणपुर श्रीमती बरखा रानी वर्मा द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बंदियों के बैरक, पाकशाला, भंडार गृह, स्नानगृह सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बंदियों से खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही न्यायिक कार्यवाही एवं अधिवक्ता नियुक्ति से संबंधित बंदियों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के विशेष अवसर पर आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के विचाराधीन बंदियों को विशेष रूप से विधिक जानकारी दी गई। युवा बंदियों से उनके प्रकरणों में जमानत आवेदन न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। जिन प्रकरणों में जमानत आवेदन निरस्त हो चुके हैं, उनमें नियमानुसार उच्च न्यायालय में अपील किए जाने संबंधी विधिक सलाह दी गई।
बंदियों को भविष्य में अपराध से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें “सशक्त युवा, सशक्त भारत” के उद्देश्य के अनुरूप अपने उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।
रिटेनर अधिवक्ता नारायणपुर श्री चंद्र प्रकाश कश्यप ने बंदियों को अपने प्रकरणों में निःशुल्क अधिवक्ता नियुक्त कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही न्यायालय में लंबित प्रकरणों की सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने पर जारी होने वाले वारंट एवं जमानती वारंट के संबंध में भी विस्तारपूर्वक विधिक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला जेल नारायणपुर के अधीक्षक श्री संजय नायक एवं अधिकार मित्र श्री घासीराम नेताम उपस्थित रहे।
🟦 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













