
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
41वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा अबूझमाड़ क्षेत्र में क्लस्टर खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
41वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा नारायणपुर जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम पदमकोट में युवाओं के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा ग्रामीणों में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्लस्टर खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। वाहिनी द्वारा इस प्रकार के क्लस्टर खेल डी.आई.जी. क्षे०मु० (भुवनेश्वर) के मार्गदर्शन तथा श्री बेनुधर नायक, कमांडेंट, 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के निर्देशन में लगातार आयोजित किये जा रहे है ।
दिनांक 08 एंव 09 जून 2026 को आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ग्राम पदमकोट, नेलांगूर एवं उसेबेड़ा की कुल 06 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक गांव से दो-दो टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती कोशी बाई उसेण्डी, सरपंच ग्राम पंचायत पदमकोट उपस्थित रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को ग्रामीण युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इसी क्रम में मिनी मैराथन का भी आयोजन किया गया, जिसमें उसेबेड़ा, पदमकोट एवं नेलांगूर गांवों के युवा लडके एंव लडकियां शामिल हुए। दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्र के युवाओं ने पूरे जोश, ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ मैराथन में भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी युवाओं को खेलों के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना, स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा क्षेत्र के युवा प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
कमांडेंट श्री बेनुधर नायक ने अपने संदेश में कहा कि, “आईटीबीपी केवल सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल, शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करते हैं तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं। भविष्य में भी आईटीबीपी द्वारा इस प्रकार की जनहित एवं खेल प्रोत्साहन गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।”
इस तरह के कार्यक्रम के सफल आयोजन ने अबूझमाड़ क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार किया तथा आईटीबीपी एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाया
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल













