
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर
नारायणपुर, 1 मई 2026। रामकृष्ण मिशन के 129वें स्थापना दिवस का आयोजन रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे श्रीरामकृष्ण देव की भव्य एवं रंगारंग रथ रैली के साथ हुआ। यह रैली आश्रम परिसर से प्रारंभ होकर कर्मचारियों के आवासों एवं पूरे आश्रम परिसर का भ्रमण करती हुई संपन्न हुई। रैली में लगभग 800 छात्र-छात्राएं, 200 कर्मचारी एवं उनके परिवारजन सहित करीब 100 भक्तगण सम्मिलित हुए।
सायं 5:00 बजे धर्मसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी लोकेशानन्द (बेलुड़ मठ) थे, जबकि अध्यक्षता स्वामी पूर्णानंद (बेलुड़ मठ) ने की। विशिष्ट अतिथियों में स्वामी कृष्णामृतानन्द, सचिव, रामकृष्ण मिशन आश्रम, ग्वालियर तथा डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, संस्थापक, विवेकानंद विद्यापीठ, रायपुर उपस्थित थे।
आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानन्द ने स्वागत भाषण देते हुए गत वर्ष की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं संदेश पर प्रकाश डाला। स्वामी कृष्णामृतानन्द ने श्री माँ सारदा देवी के जीवन एवं वाणी पर अपने विचार रखे, जबकि पूज्य स्वामी लोकेशानन्द ने श्रीरामकृष्ण देव के जीवन पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिवर्ष की भांति आश्रम के कर्मचारियों एवं कृषक बंधुओं को सम्मानित किया गया। 35 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के लिए वरिष्ठ शिक्षक श्री घनश्याम दास साहू को “नरेंद्र सेवक पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। आश्रम के अस्पताल में 20 वर्षों से सेवाएं दे रही श्रीमती भोई को “निवेदिता पुरस्कार” प्रदान किया गया। वहीं कंदाड़ी गांव के श्री चेंदरू राम मंडावी को उत्कृष्ट कृषि कार्यों हेतु “कृषक सम्मान पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लगभग 800 छात्र-छात्राओं सहित 300 से अधिक कर्मचारी एवं भक्तगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आध्यात्मिक वातावरण एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हुआ।
🟦 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल













