
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟪 जिला – नारायणपुर (छ.ग.)
🟦 थाना – छोटे डोंगर
🔹 *मानवता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परेशान महिला को सुरक्षित आश्रय एवं सहायता प्रदान की गई*
दिनांक 12.05.2026 की रात्रि लगभग 09 बजे थाना छोटे डोंगर क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव मुख्य मार्ग पर एक महिला अकेली एवं मानसिक रूप से परेशान अवस्था में भटकती हुई मिली।
महिला की स्थिति को देखते हुए छोटे डोंगर रेंज में पदस्थ वन विभाग के कर्मचारी अनिल पोटाई एवं संकुराम कावची द्वारा संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए तत्काल थाना छोटे डोंगर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा महिला को सुरक्षित थाना छोटे डोंगर लाया गया। थाना पुलिस द्वारा महिला को भोजन एवं पानी उपलब्ध कराकर उसे विश्वास में लिया गया तथा धैर्य एवं संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्याओं को सुना गया।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम सुमन मरकाम, पति किशोर मरकाम, उम्र 32 वर्ष, निवासी थाना विश्रामपुरी जिला कोंडागांव होना बताया। महिला ने बताया कि पति द्वारा आए दिन शराब पीकर मारपीट किए जाने से परेशान होकर वह बिना बताए घर से निकल गई थी। रास्ते में जो भी बस मिलती गई उसमें बैठते हुए वह केशकाल, फरसगांव, कोंडागांव एवं नारायणपुर होते हुए छोटे डोंगर पहुंच गई। महिला ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या जैसे विचार आने की बात भी बताई।
थाना छोटे डोंगर पुलिस द्वारा तत्काल थाना विश्रामपुरी से संपर्क कर महिला के परिजनों को सूचना दी गई। रात्रि होने के कारण महिला को थाना में सुरक्षित आश्रय दिया गया। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने एवं महिला द्वारा तत्काल घर वापस जाने से मना करने पर उसकी सुरक्षा एवं भविष्य को ध्यान में रखते हुए महिला को सखी सेंटर में काउंसिलिंग एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने हेतु महिला स्टाफ के साथ मुख्यालय नारायणपुर भेजा गया।
इस पूरे घटनाक्रम में थाना छोटे डोंगर पुलिस एवं वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा मानवता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक परेशान महिला को सुरक्षित वातावरण एवं नया सहारा प्रदान किया गया।
🟥 चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल













