
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
नक्सलवाद के साये से बाहर निकलते ही आदिंगपार में बढ़ने लगी पर्यटकों की चहल-पहल, प्राकृतिक सौंदर्य बना आकर्षण का केंद्र
चारों ओर घने जंगल, ऊंची पहाड़ियां और मनमोहक जलप्रपात से घिरा आदिंगपार पर्यटकों को कर रहा आकर्षित, नारायणपुर से लगभग 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है यह खूबसूरत पर्यटन स्थल
नारायणपुर। कभी नक्सलवाद के दंश और दहशत के साये में रहने वाला आदिंगपार क्षेत्र अब शांति की ओर बढ़ते कदमों के साथ पर्यटन के नए आकर्षण के रूप में उभर रहा है। क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कम होने और सुरक्षा का माहौल बेहतर होने के साथ ही यहां पर्यटकों की आवाजाही दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। कभी जहां भय और असुरक्षा के कारण लोग जाने से कतराते थे, वहीं अब प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए दूर-दराज से पर्यटक पहुंच रहे हैं।
आदिंगपार का प्राकृतिक नजारा देखते ही बनता है। चारों ओर फैले घने जंगल, ऊंची-ऊंची चट्टानी पहाड़ियां, कल-कल बहता झरना और स्वच्छ जल से भरा प्राकृतिक कुंड यहां आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। पहाड़ियों के बीच से गिरता जलप्रपात और उसके नीचे बना प्राकृतिक जलकुंड इस स्थान की खूबसूरती में चार चांद लगा देता है। पर्यटक यहां पहुंचकर प्रकृति के बीच समय बिताने, जलकुंड में नहाने और खूबसूरत वादियों को कैमरे में कैद करने का आनंद ले रहे हैं।
नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित आदिंगपार आने वाले समय में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना सकता है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने के साथ ही पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। यदि इस प्राकृतिक स्थल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए तथा बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा और आवागमन की बेहतर व्यवस्था की जाए, तो यह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा कर सकता है।
आदिंगपार की खूबसूरती इस बात का प्रमाण है कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे वनांचल अब शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान की ओर अग्रसर हैं।
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












