
🟥 रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
*केबिनेट मंत्रीद्वय टंकराम वर्मा और केदार कश्यप के आतिथ्य में नारायणपुर भाजपा का भव्य दीपावली मिलन, एक मंच पर दिखी संगठन की ताकत, एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह की झलक*
**नारायणपुर।** दीपों की रोशनी, आत्मीयता की मिठास और संगठन की सामूहिक शक्ति… जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां भाजपा का पूरा परिवार उत्सव के रंग में नजर आया। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री एवं नारायणपुर जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा तथा कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप के आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे से मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। समारोह में उत्सव के उल्लास के साथ संगठनात्मक एकजुटता और जनसेवा के संकल्प की भी झलक दिखाई दी।
**कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत : टंकराम वर्मा**
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, विश्वास और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का अवसर है। भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण ही पार्टी को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता विकास की रोशनी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
**भाजपा की पहचान सत्ता नहीं, सेवा और समर्पण है : केदार कश्यप**
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसकी नींव सेवा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम पर टिकी है। कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से ही जनसेवा का संकल्प धरातल पर साकार होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के उत्थान के साथ नारायणपुर और पूरे बस्तर अंचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता से जनसेवा और जनविश्वास को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
**संध्या पवार, रूपसाय सलाम और बृजमोहन देवांगन ने भी किया संबोधित**
समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम तथा वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और जनसेवा के संकल्प पर अपने विचार रखे।
**नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति**
इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी एवं मार्कफेड के उपाध्यक्ष सुधीर पांडेय, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम गोलछा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बंधुगण उपस्थित रहे।
🟪 प्रधान संपादक – डे नारायण सिंह बघेल












