
🟥. रिपोर्टर – डे नारायण सिंह बघेल
🟦 जिला – नारायणपुर
*विधानसभा की कार्यवाही से रूबरू हुए नारायणपुर-ओरछा के 122 विद्यार्थी*
*वनमंत्री केदार कश्यप से भेंट कर प्राप्त किया मार्गदर्शन*
*शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत राजधानी के प्रमुख स्थलों का किया भ्रमण*
नारायणपुर, 20 मार्च 2026 // कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार पीएम श्री योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत जिले के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान पीएमश्री पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव के 64 तथा ओरछा के 58 विद्यार्थियों सहित कुल 122 छात्र-छात्राओं को राजधानी रायपुर के महत्वपूर्ण संस्थानों और स्थलों का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के प्रथम दिवस 18 मार्च को विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की व्यवहारिक जानकारी मिली। इसके साथ ही एनआईटी रायपुर में प्राध्यापकों द्वारा गणित, भौतिकी, रसायन एवं विज्ञान विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई। स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डा माना में सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया, वहीं इन्द्रावती भवन मंत्रालय नवा रायपुर का भी भ्रमण कराया गया।
द्वितीय दिवस 19 मार्च को विद्यार्थियों ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक में उनके जीवन से जुड़ी प्रेरक जानकारी फिल्म के माध्यम से प्राप्त की। आदिवासी संग्रहालय रायपुर में जनजातीय जीवन, संस्कृति, वेशभूषा और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिला। विधानसभा सचिवालय नवा रायपुर में आयोजित चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को समझा और क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री श्री केदार कश्यप तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल से भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान अबूझमाड़ क्षेत्र में प्रस्तावित एजुकेशन सिटी के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
भ्रमण के दौरान जंगल सफारी नवा रायपुर में विद्यार्थियों ने वन्य जीवों का अवलोकन कर प्रकृति और वन्य जीवन के प्रति अपनी समझ विकसित की। संपूर्ण भ्रमण के पश्चात सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से वापस उनके संस्थानों में पहुंचाया गया। इस अवसर पर देवगांव के प्राचार्य मोहन लाल साहू, ओरछा के प्राचार्य ओमप्रकाश पटेल सहित अधीक्षक-अधीक्षिका एवं विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ।
🟪. चीफ एडिटर – डे नारायण सिंह बघेल













